अपराध जगत से अर्जित की गई विधायक और माफिया मुख्तार अंसारी की संपत्तियों पर पुलिस की निगाह तेज होती जा रही है। लखनऊ के साथ ही आजमगढ़ पुलिस भी संपत्तियों का पता कर रही है। फिलहाल आजमगढ़ पुलिस को मुख्तार की पत्नी आयशा अंसारी की एक और संपत्ति का पता चला है। यह संपत्ति हुसैनगंज क्षेत्र में हैं।
मुख्तार की बेनामी संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया के तहत ही ऐसा किया जा रहा है। मुख्तार के खिलाफ आजमगढ़ के तरवां थाने में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण 1986 की धारा में मुकदमा दर्ज है और उसी मुकदमे ही संपत्ति का पता किया जा रहा है। आजमगढ़ पुलिस की जांच में पता चला है कि यह संपत्ति हुसैनगंज के बरफखाना में है, जो 2078 वर्गफीट में है। हुसैनगंज जैसे क्षेत्र में होने के कारण उसकी कीमत भी कई करोड़ बताई जा रही है। अब आजमगढ़ पुलिस से मिली इस जानकारी को जुटाने के लिए नगर निगम, एलडीए और सदर एसडीएम से अभिलेख मांगे गए हैं। आजमगढ़ पुलिस की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस संपत्ति का बैनामा मुख्तार अंसारी ने अपनी पत्नी के नाम कराया था।
एसडीएम सदर से दी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि हुसैनगंज 86 पुराने मोहल्लों में शामिल हैं और इन मोहल्लों की जमीन के अभिलेख उनके पास नहीं है। जमीन नजूल में दर्ज है तो उसके अभिलेख लखनऊ विकास प्राधिकरण के पास ही होंगे।