रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पैदल मार्च का किया नेतृत्व

सत्ता की शान
शनिवार 28 नवम्बर। जम्मू. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर भाजपा की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ महापदयात्रा का नेतृत्व किया। इस पदयात्रा में पार्टी के सैकड़ों नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। रैली को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने विपक्षी दलोंकृविशेषकर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर तीखा हमला बोला। विपक्ष पर निशाना साधते हुए रक्षा मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने, राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने और लोगों को गुमराह करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने की कोशिशें हो रही हैं और बिना सबूत के चुनावी गड़बड़ी के आरोप लगाए जा रहे हैं।

सिंह ने कहा, हमने जो कहा, वह करके दिखाया। हमारी कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। रक्षा मंत्री ने दावा किया कि केंद्र सरकार आतंकवाद पर लगाम लगाने में काफी हद तक सफल रही है और जम्मू-कश्मीर में अलगाववादी ताकतों का प्रभाव धीरे-धीरे कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक बदलावों के बाद लोगों को वे अधिकार मिले जो पहले नहीं थे, साथ ही विकास की गति भी तेज हुई है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के इंसानियत, जम्हूरियत और कश्मीरियत के सिद्धांत का जिक्र करते हुए राजनाथ सिंह ने कश्मीरी कहावत पातिम मसराव, ब्रोन कुन नजर थाओ (बीती बातों को भूल जाओ, आगे की ओर देखो) का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को कठिन अतीत को पीछे छोड़कर भविष्य पर ध्यान देना चाहिए। सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सुविधाओं के बुनियादी ढांचे और पर्यटन के क्षेत्र में हुए सुधारों को जम्मू-कश्मीर में आ रहे बदलाव का संकेत बताया। राजनाथ सिंह ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद अब दुनिया की कोई भी ताकत जम्मू-कश्मीर को विकसित राज्य बनने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का ताज है और देश के साथ इसका पूर्ण विलय भाजपा के लिए हमेशा भारत की एकता व अखंडता की प्रतिबद्धता रही है। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित प्रेम नाथ डोगरा के समय से ही पार्टी इस संकल्प के साथ आगे बढ़ी और संसद में स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद अगस्त 2019 में संवैधानिक बदलाव कर अपना वादा पूरा किया।