अयोध्या से जनकपुर तक दौड़ेगी ट्रेन, भारत-नेपाल के रिश्तों को मिलेगी नई रफ्तार
धार्मिक पर्यटन और सीमा पार कनेक्टिविटी को बढ़ावा, मोदी-बालेन शाह ने दिखाई हरी झंडी
नई दिल्ली। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक संबंधों को रेल संपर्क के जरिए नई मजबूती देने की पहल हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम को जोड़ने वाली नई साप्ताहिक रेल सेवा का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस सेवा से दोनों देशों के प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच सफर आसान होने के साथ श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
नई ट्रेन सेवा अयोध्या और जनकपुर जैसे आस्था के केंद्रों को जोड़ रही है। दोनों स्थान भगवान राम से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं के लिहाज से विशेष महत्व रखते हैं। रेल संपर्क शुरू होने से भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं को तीर्थयात्रा में सुविधा होगी तथा दोनों देशों के बीच लोगों की आवाजाही बढ़ने का रास्ता खुलेगा।
ट्रेन शुरू होने को लेकर यात्रियों में भी उत्साह देखने को मिला। अयोध्या से यात्रा करने जा रहे एक यात्री ने कहा कि इस सेवा से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा। उनके मुताबिक, यह सिर्फ रेल यात्रा नहीं बल्कि भावनाओं और आस्था से जुड़े दो महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ने का माध्यम है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता भी की। बैठक में दोनों देशों के संबंधों, आपसी सहयोग और संपर्क सुविधाओं को मजबूत करने से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में नेपाल की ओर से वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यंजनकर, राजनीतिक सलाहकार असीम शाह, विदेश सचिव अमृत बहादुर राय और भारत में नेपाली राजदूत डॉ. निश्चल नाथ पांडे सहित प्रतिनिधि मौजूद रहे।
भारत की ओर से विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. पी.के. मिश्रा, शक्तिकांत दास, विदेश सचिव विक्रम मिसरी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया।
अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा को दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों, धार्मिक पर्यटन और क्षेत्रीय संपर्क को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
