सपा-कांग्रेस के बीच सीटों पर मंथन जारी, 27 नवंबर की बैठक पर टिकी नजरें-अजय राय बोले- पांच उम्मीदवारों की घोषणा बातचीत की शुरुआत
सत्ता की शान
बुधवार 25 नवम्बर। लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सियासी गठजोड़ की कवायद तेज हो गई है। सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है। इसी बीच सपा की ओर से पांच विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद राजनीतिक हलकों में कई सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने इसे गठबंधन की बातचीत की शुरुआत बताते हुए किसी तरह के मतभेद से इनकार किया है। समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में अजय राय ने कहा कि सपा और कांग्रेस का नेतृत्व सीटों के बंटवारे को लेकर लगातार चर्चा कर रहा है। दोनों पार्टियों ने इस संबंध में अपनी-अपनी समितियां गठित की हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि बातचीत का सकारात्मक परिणाम निकलेगा और दोनों दल 2027 का विधानसभा चुनाव मजबूत गठबंधन के साथ लड़ेंगे। अजय राय ने यह भी दावा किया कि दोनों दलों के बीच गठबंधन की बातचीत से भाजपा परेशान है, क्योंकि विपक्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से भी बेहतर प्रदर्शन कर सकता है।
सीट बंटवारे को लेकर शुरुआती चर्चा में सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखे जाने की खबरें हैं। वहीं कांग्रेस करीब 120 से 130 सीटों पर अपनी दावेदारी जता रही है। हालांकि, इस पर अभी तक अंतिम सहमति नहीं बन पाई है। अजय राय ने कहा कि पांच उम्मीदवारों की सूची को अंतिम फैसला नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने वाराणसी सहित प्रदेश की कई विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की मजबूत स्थिति का भी दावा किया। सपा ने अपनी पहली सूची में बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को उम्मीदवार घोषित किया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस से प्राथमिकता वाली 26 सीटों के अलावा अन्य संभावित सीटों की जानकारी भी मांगी थी। सपा की रणनीति पीडीए यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के बीच स्वीकार्यता रखने वाले जिताऊ उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने की बताई जा रही है। पिछले चुनावों के आंकड़े दोनों दलों के राजनीतिक प्रदर्शन में अंतर दिखाते हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने 347 सीटों पर चुनाव लड़कर 111 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस 399 सीटों पर मैदान में उतरी थी और उसे केवल दो सीटों पर सफलता मिली थी। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने इंडिया गठबंधन के तहत मिलकर चुनाव लड़ा। सपा ने 62 सीटों पर प्रत्याशी उतारकर 37 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस ने 17 सीटों पर चुनाव लड़कर छह सीटों पर जीत दर्ज की। दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर अब तक दो दौर की बातचीत हो चुकी है। अगली बैठक 27 नवंबर को होने की संभावना है। इस बैठक में सीटों की संख्या और चुनावी रणनीति को लेकर आगे का रास्ता तय होने की उम्मीद है। फिलहाल दोनों दलों के बीच सहमति का इंतजार है और राजनीतिक निगाहें आगामी बैठक पर टिकी हैं।
