2027 विधानसभा चुनाव से पहले बढ़ी सियासी तल्खी, सपा-कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर घमासान, ब्रजेश पाठक ने गठबंधन को बताया बेमेल शादी

सत्ता की शान
बुधवार 25 नवम्बर। लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के रिश्तों में खटास बढ़ती दिखाई दे रही है। सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच उभर रहे मतभेद पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा है। उन्होंने सपा-कांग्रेस के साथ को श्बेमेल शादीश् बताते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच आपसी विश्वास और तालमेल की कमी है।

उनके मुताबिक, दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता भी इस गठबंधन को लेकर सहज नहीं हैं। पत्रकारों से बातचीत में ब्रजेश पाठक ने सपा पर अपराधियों को संरक्षण देने और कांग्रेस पर भ्रष्टाचार तथा लोकतंत्र विरोधी रवैये के आरोप लगाए। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल में लगाए गए आपातकाल का भी जिक्र किया। पाठक ने कहा कि दोनों दलों के बीच सत्ता और पदों को लेकर खींचतान चल रही है, जबकि जनता की समस्याओं और जनसेवा पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता इस गठबंधन को स्वीकार नहीं करेगी। सपा और कांग्रेस के बीच ताजा असहमति पश्चिमी उत्तर प्रदेश में देखने को मिली है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पांच प्रत्याशियों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जताई है। मंगलवार रात घोषित सूची में बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस सांसद की आपत्ति को गठबंधन में सीटों के बंटवारे और आपसी सहमति के मुद्दे से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि दोनों दलों की ओर से गठबंधन जारी रखने की बात कही जाती रही है, लेकिन चुनाव से काफी पहले प्रत्याशियों के नाम घोषित होने से सहयोगी दलों के बीच समन्वय पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस अपने मतभेद दूर कर पाते हैं या सीटों की लड़ाई विपक्षी गठबंधन के लिए नई चुनौती बन जाती है।