पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो गिरफ्तार, आठ फरार

(सत्ता की शान)
लखनऊ,11 अक्टूबर। राजधानी लखनऊ में बदमाशों का आतंक बढ़ता जा रहा है। मल्हौर में रविवार देर रात पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी।

 

पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल बदमाशों का लोहिया अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। वहीं मुठभेड़ में एक सिपाही के हाथ मे भी चोट आई है। वहीं पुलिस का दावा है कि बदमाश डकैती की योजना बना रहे थे। पुलिस का दावा है कि दोनों बदमाश साथियों के साथ मल्हौर में डकैती डालने की योजना से आए थे। चेकिंग पर निकली पुलिस टीम ने शक होने पर बदमाशों को पूछताछ के लिए रोका तो वे भागने लगे। इस बीच पुलिस ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि अन्य भाग निकले। घायल बदमाशों ने अपना नाम रुबिल और आलम उर्फ अलीम बताया है। बताया जा रहा है कि दोनों संदिग्ध बांग्लादेशी हैं। पुलिस दोनों के साथियों के बारे में पता लगा रही है। मुठभेड़ की सूचना पर कई थानों की पुलिस वहां पहुंच गई। देर रात तक गिरफ्तार आरोपितों के साथियों की तलाश होती रही, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। पुलिस का कहना है कि आरोपितों से पूछताछ के बाद पूरा मामला स्पष्ट होगा।