.तीन दिन से बुखार के बाद पेट के ऊपरी हिस्से में उठा था दर्द
सत्ता की शान
शनिवार 24 अक्टूबर। लखनऊ। गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गाजीपुर से एंबुलेंस के जरिए राजधानी लाए गए सपा सांसद का इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में किया जा रहा है। उनके अस्पताल में भर्ती होने की सूचना के बाद समर्थकों और परिचितों के बीच चिंता का माहौल है। परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, अफजाल अंसारी पिछले तीन दिनों से बुखार से परेशान थे। शुक्रवार दोपहर उनके सीने के निचले हिस्से और पेट के ऊपरी भाग में दर्द होने लगा। तबीयत में परेशानी बढ़ने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए लखनऊ ले जाने का निर्णय लिया गया। इसके बाद उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल डाक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है। हालांकि, उनकी बीमारी की वजह और स्वास्थ्य में सुधार को लेकर अस्पताल की ओर से विस्तृत मेडिकल बुलेटिन की पुष्टि नहीं हुई है।
अफजाल अंसारी के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी उनके भतीजे और मऊ सदर के विधायक अब्बास अंसारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की। उन्होंने समर्थकों से अपने बड़े अब्बा के जल्द स्वस्थ होने के लिए दुआ और प्रार्थना करने की अपील की। इस सूचना के सामने आने के बाद समर्थक उनके स्वास्थ्य को लेकर जानकारी लेने लगे। परिवार के करीबी लोगों की नजरें अब उनके उपचार और स्वास्थ्य से जुड़ी अगली जानकारी पर टिकी हैं। छात्र राजनीति से संसद तक का सफर अफजाल अंसारी पूर्वांचल की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हैं। उन्होंने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के साथ अपना राजनीतिक सफर शुरू किया और मोहम्मदाबाद विधानसभा सीट से पांच बार विधायक चुने गए। बाद में उन्होंने लोकसभा की राजनीति में कदम रखा और गाजीपुर संसदीय क्षेत्र से कई बार चुनाव जीतकर संसद पहुंचे।वर्ष 2004 में वह समाजवादी पार्टी में शामिल हुए और पार्टी के टिकट पर लोकसभा पहुंचे। वर्ष 2009 और 2014 के चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने बहुजन समाज पार्टी का दामन थामा और 2019 में बसपा के टिकट पर गाजीपुर से सांसद चुने गए। वर्ष 2023 में उनकी लोकसभा सदस्यता समाप्त हुई, जबकि 2024 के आम चुनाव में उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज कर संसद में वापसी की।
