मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, अखिलेश ने उठाया वोट चोरी का मुद्दा
2027 के चुनाव से पहले चुनाव आयोग को सतर्क रहने की अपील
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि एक ही महिला का नाम कई स्थानों पर दर्ज है। अखिलेश ने आशंका जताई कि ऐसी गड़बड़ियों का फायदा 2027 के विधानसभा चुनाव में उठाया जा सकता है।
लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सपा प्रमुख ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता सचिन ने मतदाता सूची की जांच की, जिसमें ‘फूलमती सूरज’ नाम कई जगह दर्ज होने की बात सामने आई। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को दे दी गई है। अखिलेश ने उम्मीद जताई कि जांच के बाद डुप्लीकेट नामों को हटाया जाएगा।
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से अपील की कि मतदाता सूची की जांच में पूरी सतर्कता बरती जाए, ताकि चुनाव के दौरान वोटों का गलत इस्तेमाल न हो सके। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नामों की पुनरावृत्ति के मामले की जांच जरूरी है।
निजी कंपनी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के प्रबंधन में किसी तरह की मिलीभगत लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि डुप्लीकेट प्रविष्टियों को लेकर उनकी जानकारी गलत हो सकती है।
सपा प्रमुख ने भाजपा पर संवैधानिक सिद्धांतों को कमजोर करने का आरोप लगाया। साथ ही मीडिया से अपील की कि राजनीतिक दावों और सोशल मीडिया पर प्रसारित संदेशों की जांच के बाद ही उन्हें आगे बढ़ाया जाए।
