लखनऊ में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, चबूतरे के विवाद में पिता-चाचा और बेटे की हत्या
सआदतगंज के नौबस्ता में ताबड़तोड़ फायरिंग, अस्पताल में तीनों की मौत; मुख्य आरोपी हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी
लखनऊ। राजधानी के सआदतगंज थाना क्षेत्र स्थित नौबस्ता के ब्राह्मण टोला में सोमवार सुबह मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घर के सामने चबूतरा बनाने को लेकर पड़ोसियों के बीच चल रही पुरानी रंजिश में गोलीबारी की घटना सामने आई। इसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान शिवाजी तिवारी (62), उनके भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभु और शिवाजी के बेटे सुयश (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
गाड़ी खड़ी करने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, शिवाजी तिवारी के घर के सामने बरगद के पेड़ के नीचे चबूतरा बनाने को लेकर पड़ोसी ऋषभ शुक्ला से विवाद चल रहा था। करीब डेढ़ महीने पहले मामला थाने पहुंचा था, जिसके बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया था। सोमवार सुबह करीब 10:35 बजे सुयश ने उसी स्थान के पास अपनी गाड़ी खड़ी कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ऋषभ ने गोली चला दी। शोर सुनकर बाहर आए शिवाजी और शिवेंद्र को गोली लग गई। इसके बाद सुयश भी घर से बाहर आया, तो उसे घर के पास सीढ़ियों पर गोली मार दी गई। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में इलाज के दौरान तीनों की मौत
घटना के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
शिकायत में कई लोगों पर लगाए आरोप
शिवेंद्र तिवारी की पत्नी रुचि तिवारी की शिकायत के अनुसार, सुबह उनके पति मॉर्निंग वॉक के लिए निकल रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर गाली-गलौज की और लाठी-डंडों तथा पत्थरों से हमला किया। शोर सुनकर शिवाजी और सुयश बीच-बचाव करने पहुंचे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद तीनों के साथ मारपीट कर उन्हें गोली मारी गई। पुलिस शिकायत में नामजद लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस कमिश्नर ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला से पूछताछ कर रही है और वारदात के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दिसंबर में होनी थी सुयश की शादी
इस वारदात ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। सुयश की शादी आगामी 5 दिसंबर को तय थी। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल है।
