महिला सुरक्षा में यूपी ने बनाई नई पहचान: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले महिला सुरक्षा को लेकर सवालों से घिरा उत्तर प्रदेश आज नारी सुरक्षा और सामर्थ्य की नई पहचान बना है। शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा के बाद उन्होंने महिला सुरक्षा के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस, तकनीक आधारित निगरानी, पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जन-जागरूकता अभियानों से महिलाओं के लिए भयमुक्त वातावरण बनाने में मदद मिली है। मिशन शक्ति के पांच चरणों, सेफ सिटी परियोजना, मिशन शक्ति केंद्रों और महिला बीट पुलिसिंग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि 20 प्रतिशत आरक्षण के तहत प्रदेश में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 10 हजार से बढ़कर 44 हजार से अधिक हो गई है। इसके अलावा लखनऊ, गोरखपुर और बदायूं में वीरांगना ऊदा देवी पासी, झलकारी बाई कोरी और अवंतीबाई लोधी के नाम पर तीन महिला पीएसी बटालियन गठित की गई हैं।
