लखनऊ में हेरोइन फैक्ट्री का भंडाफोड़, 50 करोड़ की ड्रग्स बरामद
नई दिल्ली/लखनऊ। रोहिणी जिला पुलिस ने लखनऊ के जानकीपुरम स्थित सीता कॉलोनी में चल रही हेरोइन बनाने की अवैध इकाई का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में अंतरराज्यीय गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 7.076 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा निवासी लक्ष्मण हुड्डा, दिल्ली निवासी अनिल उर्फ भोला तथा बरेली निवासी बबलू और रुकसार अली उर्फ राजू शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, लखनऊ की यूनिट से 6.275 किलोग्राम हेरोइन के साथ ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, गैस सिलेंडर, मिक्सर ग्राइंडर और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन समेत अन्य सामान बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार गिरोह का नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर से उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ था। मामले में आगे की जांच जारी है।
