राज्यसभा चुनाव में BJP का बड़ा दांव, यूपी से 8 प्रत्याशियों के नाम घोषित

राज्यसभा चुनाव में BJP का बड़ा दांव, यूपी से 8 प्रत्याशियों के नाम घोषित

नई दिल्ली/लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर प्रस्तावित चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। सोमवार को पार्टी ने आठ उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया। सूची में संगठन से जुड़े नेताओं, पूर्व सांसदों और नए चेहरों को जगह दी गई है। BJP ने उत्तर प्रदेश से विधायक धर्मपाल सिंह के साथ वरिष्ठ नेताओं राधाकांत ओझा, गोपी कृष्ण पांडे और प्रकाश पाल को राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा पूर्व लोकसभा सदस्य एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व विधायक विद्यासागर सोनकर को भी उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने पूर्व लोकसभा सदस्य प्रियंका सिंह रावत और वरिष्ठ नेता राम प्रताप सिंह चौहान पर भी भरोसा जताया है। वहीं, BJP के वरिष्ठ नेता और झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार को भी राज्यसभा के लिए मैदान में उतारा गया है। BJP की घोषित सूची में दो नामों को टिकट नहीं मिलने की भी चर्चा है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी तथा उपभोक्ता मामलों के केंद्रीय राज्य मंत्री बनवारी लाल वर्मा, दोनों मौजूदा राज्यसभा सदस्य हैं, लेकिन इस बार पार्टी की सूची में उनके नाम शामिल नहीं हैं। आठ उम्मीदवारों के ऐलान के साथ ही उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है।