गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सई नदी में हादसा-तीन युवकों की डूबने से मौत, एसडीआरएफ ने बरामद किए शव

गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सई नदी में हादसा-तीन युवकों की डूबने से मौत, एसडीआरएफ ने बरामद किए शव

लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र में मंगलवार शाम गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सई नदी में बड़ा हादसा हो गया। नदी में डूबे तीन युवकों धीरज (35), हरिप्रसाद (40) और प्रमोद (22) के शव बुधवार को एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिए। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सिसेंडी गांव के लोग करीब पांच किलोमीटर दूर से गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए जबरैला पुल के पास सई नदी पहुंचे थे।

शाम करीब पांच बजे विसर्जन के दौरान धीरज नदी के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए हरिप्रसाद भी नदी में उतर गए, लेकिन वह भी गहरे पानी में फंस गए। दोनों को बचाने के प्रयास में 22 वर्षीय प्रमोद भी नदी में चला गया। देखते ही देखते तीनों पानी में डूब गए और उनका कोई पता नहीं चल सका। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम नाव और बचाव उपकरणों के साथ सर्च ऑपरेशन में जुट गई। अंधेरा होने के बावजूद मंगलवार रात तक तलाश जारी रही। बुधवार को एसडीआरएफ ने पहले धीरज और हरिप्रसाद के शव बरामद किए। प्रमोद की तलाश के लिए करीब तीन किलोमीटर के दायरे में अभियान चलाया गया, जिसके बाद उसका शव भी नदी से बरामद कर लिया गया। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।