गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने किया रुद्राभिषेक-हवन,‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंजे शिवालय, कांवड़ियों पर हुई पुष्पवषा

गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने किया रुद्राभिषेक-हवन,‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंजे शिवालय, कांवड़ियों पर हुई पुष्पवषा
सत्ता की शान)
मंगलवार 11 अगस्र्त।। लखनऊ। सावन के सोमवार पर सोमवार को पूरा उत्तर प्रदेश भगवान शिव की भक्ति में डूबा नजर आया। प्रदेश के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। मंदिरों में जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, बेलपत्र अर्पण और भजन-कीर्तन का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। कांवड़िए कंधों पर गंगाजल लेकर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सावन के सोमवार के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में भगवान शिव का रुद्राभिषेक और हवन किया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद मुख्यमंत्री ने भगवान शिव से विश्व कल्याण तथा प्रदेशवासियों सहित सभी नागरिकों के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की। सावन के सोमवार पर काशी में विशेष उत्साह देखने को मिला। बाबा विश्वनाथ धाम में रविवार रात से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। गंगा स्नान के बाद कांवड़िए पवित्र जल लेकर बाबा विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर घंटे-घड़ियाल और डमरू की ध्वनि से गूंजता रहा। शाम की गंगा आरती के दौरान घाटों पर दीपों की रोशनी और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने काशी के वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। प्रयागराज के मनकामेश्वर मंदिर समेत प्रमुख शिवालयों में भोर से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। संगम स्नान के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिव मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। वहीं, अयोध्या के नागेश्वरनाथ, क्षीरेश्वरनाथ, पंचमुखी महादेव समेत प्रमुख शिवालयों में देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजते रहे। प्रदेशभर में कांवड़ यात्रा का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। भगवा वस्त्र धारण किए कांवड़िए पैदल, साइकिल और वाहनों से यात्रा करते नजर आए। जगह-जगह स्थानीय लोगों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने कांवड़ियों के लिए विश्राम शिविर, जलपान और चिकित्सा शिविर लगाए। कई स्थानों पर कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। सावन के सोमवार पर प्रदेशभर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।