(सत्ता की शान)
मंगलवार 11 अगस्र्त।
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार दोपहर रनवे में अचानक खराबी सामने आने के बाद हवाई यातायात प्रभावित हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट प्रबंधन ने तत्काल रनवे बंद कर विमानों की लैंडिंग रोक दी। इस दौरान वाराणसी आने वाली कई उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा।

दिल्ली से वाराणसी आ रही इंडिगो की उड़ान 6ई-5025 करीब आधे घंटे तक वाराणसी के आसमान में चक्कर लगाती रही। रनवे पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने के बाद विमान को अयोध्या डायवर्ट कर दिया गया।अहमदाबाद से वाराणसी आ रही इंडिगो की उड़ान 6ई-6805 और नवी मुंबई से आने वाली ई-2442 को लखनऊ भेज दिया गया। वहीं अयोध्या, दिल्ली और लखनऊ से वाराणसी आने वाली तीन अन्य उड़ानों को संबंधित एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। वाराणसी एयरपोर्ट के निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि मंगलवार दोपहर एक विमान के लैंड करने के बाद पायलट ने एटीसीको रनवे में खराबी की सूचना दी। इसके बाद एयरपोर्ट की तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर रनवे की जांच की। गड़बड़ी मिलने के बाद विमानों का संचालन तत्काल रोक दिया गया। बताया गया कि रनवे पर पहले से मरम्मत का काम चल रहा था और दोपहर एक से तीन बजे तक विमानों का संचालन बंद रखा गया था। इसी दौरान तकनीकी समस्या सामने आने से उड़ानों का संचालन और प्रभावित हो गया। उड़ानों के डायवर्ट होने से यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। एयरपोर्ट पर यात्रियों को लेने पहुंचे परिजन भी उड़ानों की स्थिति जानने के लिए एयरलाइंस के काउंटरों पर जानकारी लेते रहे। रनवे में किस प्रकार की खराबी आई थी, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से नहीं दी गई है।
