पर्चा और जांच शुल्क जमा कराने के लिए लगी लंबी कतारें,

मंगलवार 11 अगस्र्त।।लखनऊ। किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में सर्वर की समस्या मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी बनी रही। आनलाइन व्यवस्था ठप होने से मरीजों का पंजीकरण, जांच शुल्क जमा करने और रिपोर्ट लेने की प्रक्रिया प्रभावित रही। इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और तीमारदारों को घंटों परेशान होना पड़ा। सुबह ओपीडी शुरू होते ही नए और पुराने ओपीडी ब्लाक के पंजीकरण काउंटरों पर मरीजों की लंबी कतारें लग गईं। सर्वर काम नहीं करने के कारण कई मरीजों के पर्चे नहीं बन सके। जांच शुल्क जमा करने में भी दिक्कत आई। लाइन में घंटों खड़े रहने के बाद भी काम नहीं होने पर मरीज और तीमारदार काउंटरों के सामने बैठकर इंतजार करते नजर आए। जांच रिपोर्ट लेने पहुंचे मरीजों को भी सर्वर बहाल होने तक इंतजार करने के लिए कहा गया। इससे दूर-दराज से आए मरीजों की परेशानी और बढ़ गई।