हथियारों के भंडार पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का बड़ा दावा

अमेरिका पूरी तरह तैयार, गोपनीय जानकारी लीक करने वालों को मिलेगी कड़ी सजा’

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने देश की सैन्य तैयारियों को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि अमेरिका के पास हथियारों का पर्याप्त भंडार मौजूद है और जरूरत के अनुसार नए हथियारों का तेजी से उत्पादन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी रक्षा उद्योग पूरी क्षमता से काम कर रहा है और देश की सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार की चिंता की आवश्यकता नहीं है।सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिकी रक्षा कंपनियां इतिहास में सबसे अधिक नए प्लांट और विनिर्माण इकाइयों का निर्माण कर रही हैं। उनके अनुसार, रक्षा उत्पादन में तेजी लाकर भविष्य की सुरक्षा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

ट्रम्प ने सेना से जुड़ी गोपनीय जानकारियां लीक करने वालों को भी कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं सार्वजनिक करने वालों को लंबी जेल की सजा भुगतनी पड़ सकती है।

हालांकि, राष्ट्रपति ने यह नहीं बताया कि वह किस गोपनीय जानकारी के लीक होने का जिक्र कर रहे हैं। हाल के दिनों में कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया था कि अमेरिकी सेना के पास THAAD और ATACMS जैसी लंबी दूरी की मिसाइलों का भंडार तेजी से घट रहा है। ट्रम्प का यह बयान इन्हीं रिपोर्टों के बीच आया है, जिसे अमेरिकी सैन्य क्षमता को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब माना जा रहा है।