सांसद पप्पू यादव पर दिल्ली में हमला, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फेंकी चप्पल; चाकू लाने का भी आरोप
नई दिल्ली। बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर रविवार शाम दिल्ली स्थित उनके सरकारी आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हमला हो गया। प्रेस वार्ता के बीच दो युवक अचानक पहुंचे और पप्पू यादव की ओर चप्पल फेंक दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हमलावरों की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी सुमित प्रधान उर्फ सुमित गिरि गोस्वामी और हैप्पी शर्मा के रूप में हुई है। दोनों भाजपा से जुड़े बताए जा रहे हैं। घटना के दौरान पप्पू यादव ने सुमित को पकड़ लिया, जबकि उनके समर्थकों ने हैप्पी शर्मा की पिटाई कर दी। बाद में हैप्पी मौके से भाग निकला, जबकि सुमित को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि दोनों युवक चाकू लेकर आए थे और उनकी हत्या की साजिश थी। उन्होंने कहा कि यह हमला पूर्व नियोजित था। हालांकि दिल्ली पुलिस ने बताया कि अभी तक किसी आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है और चाकू बरामद होने सहित पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
दूसरी ओर, आरोपी हैप्पी शर्मा ने चाकू ले जाने के आरोपों को सिरे से खारिज किया। उसका कहना है कि वह अपने साथी के साथ साधुओं के समर्थन में पप्पू यादव से मिलने गया था। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और सांसद समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की। उसने स्वीकार किया कि गुस्से में चप्पल-जूते फेंके गए, लेकिन चाकू साथ ले जाने का आरोप गलत है। पुलिस के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था, हमलावरों की एंट्री और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। घटना के बाद सांसद आवास की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा शुरू कर दी गई है।
