अब कुशीनगर में भी रोजगार के अवसर, पलायन का दौर खत्म होगा=2017 के बाद बदली यूपी की तस्वीर, निवेश और रोजगार में आया बड़ा बदलाव: सीएम योगी
कुशीनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास और निवेश का दायरा अब नोएडा व गाजियाबाद तक सीमित नहीं है, बल्कि पूर्वांचल के कुशीनगर, गोरखपुर समेत अन्य जिलों तक तेजी से फैल चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं और अब युवाओं को नौकरी के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ रहा है।कुशीनगर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि पिछली सरकारों ने विकास पर गंभीरता से काम किया होता तो पूर्वांचल के हजारों युवाओं को रोजगार की तलाश में अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता।

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश पुलिस और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की भर्तियों में कुशीनगर के युवाओं को नियुक्ति पत्र प्राप्त करते देख उन्हें संतोष और गर्व की अनुभूति होती है।मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय विकास के लिए न स्पष्ट नीति थी और न ही इच्छाशक्ति। इसी कारण प्रदेश में निवेश नहीं आया, उद्योग नहीं लगे और विकास परियोजनाएं ठप पड़ी रहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में निवेश का माहौल बना, जिससे उद्योगों के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान गरीबों के लिए संचालित राशन, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी योजनाओं पर भ्रष्टाचार हावी था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पारदर्शी व्यवस्था लागू कर पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है। कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार अपराध और माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और आज उत्तर प्रदेश निवेश, रोजगार और सुशासन के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।
अब कुशीनगर में भी रोजगार के अवसर, पलायन का दौर खत्म होगा=2017 के बाद बदली यूपी की तस्वीर, निवेश और रोजगार में आया बड़ा बदलाव: सीएम योगी
