बर्ड हिट के बाद फ्लाई दुबई विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, 163 यात्रियों की जान बची
लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दुबई से लखनऊ आ रही फ्लाई दुबई की फ्लाइट FD-443 लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट का शिकार हो गई। पायलट ने सूझबूझ और त्वरित निर्णय लेते हुए विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, विमान सुबह 6:35 बजे लखनऊ पहुंचने वाला था, लेकिन खराब मौसम के कारण करीब 38 मिनट की देरी से एयरपोर्ट पहुंचा। सुबह 7:13 बजे लैंडिंग से ठीक पहले विमान से एक पक्षी टकरा गया। इसके बाद पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत रनवे खाली कराया और सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए।

विमान के सुरक्षित उतरने के बाद उसमें सवार सभी 163 यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। इसके बाद विमान को रनवे से हटाकर पार्किंग बे में ले जाया गया, जहां इंजीनियरों की टीम उसकी विस्तृत तकनीकी जांच में जुट गई।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही विमान को अगली उड़ान के लिए अनुमति दी जाएगी। पायलट की सतर्कता और एयरपोर्ट प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ा विमान हादसा टल गया।
