रामपुर सड़क हादसे में 4 की मौत, आईटी कंपनी मालिक भी शामिल-

रामपुर सड़क हादसे में 4 की मौत, आईटी कंपनी मालिक भी शामिल

रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर में शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में नोएडा की एक आईटी कंपनी के मालिक समेत चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट पार्क घूमने जा रहे थे। बताया गया कि सुबह करीब पांच बजे तेज रफ्तार ईको कार हाईवे पर खड़ी डीसीएम में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर से कार को काटकर घायलों और शवों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार में फंसा एक युवक खून से लथपथ हालत में लोगों से “भैया, बचा लो” कहकर मदद की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है। यह दृश्य हादसे की भयावहता को बयां करता है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। मृतकों की पहचान दिल्ली निवासी अभिषेक अग्निहोत्री (30), नीरज (24), गुलबुद्दीन उर्फ सोनू (35) तथा बागपत निवासी कार्तिक (24) के रूप में हुई है। अभिषेक अग्निहोत्री नोएडा में ‘इंडियन शॉप’ नाम से आईटी कंपनी संचालित करते थे और अपने कर्मचारियों व दोस्तों के साथ उत्तराखंड घूमने जा रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।