पहली बार जनता के सामने आ सकते हैं ईरान के नए सुप्रीम लीडर, ट्रंप पर हमले की आशंका से बढ़ी दुनिया की चिंता
(सत्ता की शान)
शुक्रवार 10 जुलाई 2026। तेहरान.ववशिंगटन। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई शनिवार को पहली बार सार्वजनिक रूप से दिखाई दे सकते हैं। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, वह कोम स्थित हजरत मासूमेह दरगाह में अपने पिता एवं पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की शोकसभा की अगुवाई कर सकते हैं। मार्च में सुप्रीम लीडर बनाए जाने के बाद से मुजतबा ने अब तक कोई सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं किया है और न ही उनका कोई आधिकारिक वीडियो या संबोधन सामने आया है।

मुजतबा की लंबे समय से सार्वजनिक अनुपस्थिति को लेकर कई तरह की चर्चाएं होती रही हैं। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों में सुरक्षा कारणों और हमले में घायल होने की आशंकाओं का जिक्र किया गया है। ऐसे में उनकी संभावित सार्वजनिक मौजूदगी को ईरान की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। उधर, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बार फिर ईरान के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ईरान के साथ संघर्ष अभी समाप्त नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इजराइल किसी भी कीमत पर ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा और जरूरत पड़ने पर आगे भी कार्रवाई करेगा। इस बीच, अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि इजराइल ने अमेरिका के साथ ऐसी खुफिया जानकारी साझा की है, जिसमें ईरान की ओर से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को निशाना बनाने की संभावित साजिश का उल्लेख है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। बढ़ते सुरक्षा खतरे को देखते हुए ट्रंप की सुरक्षा व्यवस्था और यात्रा प्रोटोकाल को और कड़ा कर दिया गया है। पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ते तनाव के बीच अब पूरी दुनिया की नजर ईरान के नए नेतृत्व और क्षेत्र की बदलती राजनीतिक एवं सैन्य परिस्थितियों पर टिकी हुई है।
पहली बार जनता के सामने आ सकते हैं ईरान के नए सुप्रीम लीडर, ट्रंप पर हमले की आशंका से बढ़ी दुनिया की चिंता
