गोमतीनगर में अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, विरोध के बीच हाईकोर्ट के आदेश पर कार्रवाई
लखनऊ। राजधानी के पॉश इलाके गोमतीनगर में शुक्रवार को सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) और नगर निगम ने संयुक्त अभियान चलाया। दोपहर करीब तीन बजे बुलडोजर और भारी पुलिस बल के साथ पहुंची टीम ने सड़क किनारे बने अवैध निर्माण और कब्जों को हटाना शुरू किया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और कई बार बुलडोजर के सामने खड़े होकर अभियान रुकवाने की कोशिश की। इस दौरान अधिकारियों और लोगों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में प्रशासन ने कार्रवाई जारी रखी और सड़क व फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया। एलडीए और नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में चलाया गया है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक भूमि, सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना तथा आम नागरिकों की आवाजाही को सुरक्षित और आसान बनाना है। प्रशासन ने साफ किया है कि राजधानी में जहां-जहां सरकारी जमीन, सड़क या फुटपाथ पर अवैध कब्जे पाए जाएंगे, वहां इसी तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने लोगों से सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण न करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
गोमतीनगर में अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, विरोध के बीच हाईकोर्ट के आदेश पर कार्रवाई
