ईरान में अयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी, भारत से उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल होगा शामिल

ईरान में अयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी, भारत से उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल होगा शामिल

नई दिल्ली/तेहरान। ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह सैयद अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने देशवासियों से बड़ी संख्या में अंतिम विदाई समारोह में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि खामेनेई की विरासत देश के लिए एक नए दौर की शुरुआत का प्रतीक है।
भारत सरकार ने भी अंतिम संस्कार में आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भेजने का फैसला किया है। विदेश मंत्रालय के अनुसार केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन 3 जुलाई को तेहरान रवाना होंगे और भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

तेहरान स्थित इमाम खोमैनी मुसल्ला मस्जिद में अंतिम संस्कार की तैयारियां जोरों पर हैं। यहां विशाल मंच बनाया गया है, जहां खामेनेई और उनके साथ मारे गए अन्य लोगों के ताबूत रखे जाएंगे। 3 जुलाई को विदेशी प्रतिनिधिमंडलों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें लगभग 30 देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
राजधानी तेहरान में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ग्रैंड मुसल्ला परिसर के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और कई मार्गों पर यातायात आंशिक रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है। सरकारी मीडिया ने नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अंतिम संस्कार की औपचारिक शुरुआत 4 जुलाई को तेहरान से होगी, जबकि 9 जुलाई को उनके पैतृक शहर मशहद में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।राजधानी तेहरान समेत प्रमुख शहरों में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में विदेशी प्रतिनिधिमंडलों, धार्मिक नेताओं और लाखों लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए सेना और सुरक्षा बलों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।ईरानी सेना के ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अकरामिनिया ने बताया कि समारोह की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि देश की थलसेना, नौसेना और वायुसेना को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सैन्य तैनाती बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां चौबीसों घंटे हालात पर नजर बनाए हुए हैं। ब्रिगेडियर जनरल ने बताया कि ईरान का एयर डिफेंस सिस्टम लगातार देश के हवाई क्षेत्र की निगरानी कर रहा है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या संभावित खतरे की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अंतिम संस्कार समारोह शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा सके