शादी का रिश्ता टूटने के बाद युवक ने उठाया आत्मघाती कदम, परिवार में मचा कोहराम
लखनऊ। गोसाईगंज थाना क्षेत्र में एक युवक ने कथित रूप से मानसिक तनाव के चलते अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह कबीरपुर गांव के पास इंदिरा नहर रेलवे पुल के निकट रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान भटवारा निवासी धनीराम उर्फ पप्पू अपने 25 वर्षीय पुत्र दयाराम उर्फ सुशान के घर से लापता होने की सूचना दर्ज कराने थाने पहुंचे। पुलिस द्वारा शव की तस्वीर दिखाए जाने पर परिजनों ने उसकी पहचान दयाराम उर्फ सुशान के रूप में की।

परिजनों ने बताया कि दयाराम की शादी पिछले महीने तय हुई थी, लेकिन किसी कारण से रिश्ता टूट गया। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। पुलिस का मानना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
