इंदिरानगर में अवध सैनिटरी शोरूम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

इंदिरानगर में अवध सैनिटरी शोरूम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

लखनऊ। इंदिरानगर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह जगरानी अस्पताल के बगल स्थित अवध सैनिटरी शोरूम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन शोरूम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे इंदिरानगर फायर स्टेशन के कंट्रोल रूम को एमडीटी/सीयूजी के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में दो फायर टेंडर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए।
मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने पाया कि शोरूम की सीढ़ियों के नीचे लगे मीटर बोर्ड में आग लगी थी। मुख्य दरवाजा बंद होने के कारण फायर कर्मियों ने सीढ़ी के सहारे छत के रास्ते भवन में प्रवेश किया। इसके बाद ताला काटकर और हैमर की सहायता से रास्ता बनाते हुए अंदर पहुंचकर पंपिंग के जरिए आग पर पूरी तरह काबू पाया गया और आग को फैलने से रोक लिया। दमकल विभाग के अनुसार इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की चपेट में आने से शोरूम में रखा लाखों रुपये का सैनिटरी सामान जलकर नष्ट हो गया। भवन स्वामी आदित्य हवेलिया निवासी सी-10, त्रिमूर्ति ग्राम, कल्याणपुर रिंग रोड, लखनऊ बताए गए हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से आसपास की दुकानों और भवनों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।