जेवर एयरपोर्ट से शुरू हुईं व्यावसायिक उड़ानें, सीएम योगी ने किसानों को दिया श्रेय
जेवर/गौतमबुद्ध नगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर से कमर्शियल उड़ानों की शुरुआत को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और देश के एविएशन सेक्टर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना किसानों के सहयोग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सफल हो सकी है। 
एयरपोर्ट के लिए भूमि देने वाले किसानों की सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के विश्वास और सरकार की समयबद्ध कार्यशैली के कारण यह सपना साकार हुआ है। उन्होंने बताया कि भूमि अधिग्रहण के दौरान शुरुआती चुनौतियों और विरोध को संवाद के माध्यम से दूर किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी अपराध और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझने वाला जेवर आज विकास के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है। एयरपोर्ट से कार्गो सेवाओं, विमान रखरखाव और वैश्विक कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में टाटा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, कौशल विकास केंद्र, डिग्री कॉलेज, मेडिकल एवं खेल सुविधाओं सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को एविएशन और औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने किसानों, विशेषकर महिला किसानों, का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जेवर एयरपोर्ट विकास और सुशासन का प्रतीक बनकर उभरा है तथा यह डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
जेवर एयरपोर्ट से शुरू हुईं व्यावसायिक उड़ानें, सीएम योगी ने किसानों को दिया श्रेय
