इको गार्डन में हजारों अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, पेपर लीक और भर्ती मुद्दों पर उठी आवाज
लखनऊ। राजधानी के इको गार्डन में शुक्रवार को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे करीब छह हजार छात्रों और अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता तथा पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए और सरकार से लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके भी इको गार्डन पहुंचे। उन्होंने करीब 40 मिनट तक छात्रों को संबोधित किया और 20 जून को दिल्ली में प्रस्तावित आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया। संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में आंदोलनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और लोकतंत्र में अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से उठाना नागरिकों का अधिकार है।

दीपके ने कहा कि लेखपाल, यूपीएसआई, नीट और अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग भी की।

सुबह शुरू हुए प्रदर्शन में छात्र पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे। इस दौरान “पेपर लीक बंद करो” और “UPSI स्कोर कार्ड जारी करो” जैसे नारे लगाए गए। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए RAF, पीएसी और स्थानीय पुलिस के 1500 से अधिक जवान तैनात किए गए थे।
हालांकि कुछ अभ्यर्थियों ने आंदोलन में राजनीतिक दलों की भागीदारी का विरोध भी किया। उनका कहना था कि यह आंदोलन छात्रों और अभ्यर्थियों की समस्याओं से जुड़ा है तथा इसे राजनीतिक मंच नहीं बनाया जाना चाहिए।
पेपर लीक के जिम्मेदारों को इस्तीफा देना होगा-कॉकरोच पार्टी चीफ
