बम की सूचना पर लखनऊ में इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, जांच में कुछ नहीं मिला
लखनऊ। अहमदाबाद से लखनऊ होते हुए दिल्ली जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में शुक्रवार को बम की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। विमान के टॉयलेट में एक टिशू पेपर पर “बम” लिखा मिलने के बाद पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सूचना दी और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।

सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। इसके बाद फ्लाइट संख्या 6E-2111 को सुबह करीब 11:15 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। विमान में सवार सभी 180 यात्रियों को बाहर निकालकर उनके सामान की गहन जांच की गई।
बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने करीब एक घंटे तक विमान और यात्रियों के सामान की तलाशी ली। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। सुरक्षा एजेंसियों ने विमान को पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया।
जांच पूरी होने के बाद यात्रियों को दोबारा विमान में बैठाया गया और फ्लाइट दोपहर करीब 2:40 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गई। विमान में पूर्व आईपीएस अधिकारी बी.पी. अशोक समेत कई यात्री सवार थे।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां टिशू पेपर पर बम लिखने वाले व्यक्ति की पहचान करने और मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
