ट्रम्प का दावा- ईरान के साथ युद्ध खत्म, तेहरान ने किया खंडन

ट्रम्प का दावा- ईरान के साथ युद्ध खत्म, तेहरान ने किया खंडन
वॉशिंगटन/तेहरान। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को बड़ा दावा करते हुए कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा संघर्ष समाप्त हो गया है तथा दोनों देशों के बीच जल्द ही शांति समझौता हो सकता है। एक वर्चुअल रैली में ट्रम्प ने कहा कि ईरान कभी परमाणु हथियार नहीं बना पाएगा और वार्ता सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है।
हालांकि ईरान ने ट्रम्प के दावे को खारिज कर दिया है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघई ने स्पष्ट किया कि शांति समझौते पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत जारी है।

ट्रम्प ने इससे पहले कहा था कि ईरान के शीर्ष नेतृत्व ने नई डील को मंजूरी दे दी है और इसी सप्ताह यूरोप में समझौते पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इस प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
इस बीच भारतीय क्रू वाले जहाज एमटी जलवीर पर हमले के बाद भारत ने अमेरिकी राजदूत को तलब कर जहाजों पर हमले रोकने की मांग की है। वहीं अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में तीन भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि होने से मामला और गंभीर हो गया है।
उधर, मीडिया रिपोर्टों के अनुसार ट्रम्प द्वारा ईरान पर प्रस्तावित हमले को रोकने के फैसले की जानकारी इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को पहले से नहीं दी गई थी। बताया जा रहा है कि इजराइल ईरान पर सैन्य दबाव बनाए रखने के पक्ष में था।
अमेरिका और ईरान के विरोधाभासी बयानों के बीच अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें अब संभावित शांति वार्ता और समझौते पर टिकी हुई हैं।