अदिति यादव पर आपत्तिजनक पोस्ट मामले में FIR,
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बड़ी बेटी अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट किए जाने के मामले में कानपुर और प्रतापगढ़ में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार कानपुर में भरत पटेल, नागेश्वर सिंह बघेल और विनोद यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जबकि प्रतापगढ़ में “शीतला सुजान कवि” नाम की सोशल मीडिया आईडी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई गई है। आरोप है कि इन पोस्टों के माध्यम से अदिति यादव तथा उनके परिवार की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।
मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया मंच X पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “अदिति मेरी भी बेटी है। उनके खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से हम शर्मिंदा हैं।” उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, हालांकि साथ ही समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा।
वहीं भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह ने कहा कि किसी भी बेटी के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बेटियों का सम्मान राजनीति से ऊपर है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सोशल मीडिया पोस्ट, संबंधित अकाउंट और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
