नीट पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर काकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग.जंतर-मंतर पर सैकड़ों जुटे छात्र .
(सत्ता की शान)
,लखनऊ,शनिवार 0 6 जून। नीट पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन हुआ और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की गई।
नई दिल्ली। नीट-यूजी पेपर लीक और अन्य परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में शनिवार को जंतर-मंतर पर सैकड़ों छात्र-युवा जुटे। काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई गई। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने केंद्र सरकार पर छात्रों की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने से शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की जा रही है,

लेकिन सरकार कार्रवाई करने के बजाय सोशल मीडिया गतिविधियों को दबाने में लगी है। दिपके ने कहा कि यह लड़ाई शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के लिए है। उन्होंने दावा किया कि कई लोग दबाव में पीछे हट गए, लेकिन देश का छात्र और युवा वर्ग अब भी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है। सभा के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक मौजूद रहे। कई प्रदर्शनकारी तिलचट्टे के मुखौटे पहनकर और हाथों में फूल लेकर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर नारेबाजी की। दिपके ने युवाओं से सांप्रदायिक राजनीति से ऊपर उठकर शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर एकजुट होने का आह्वान किया।
