विश्व पर्यावरण दिवस पर इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित
लखनऊ, 5 जून: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया ने ईदगाह, लखनऊ में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर लखनऊ के शाही इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली तथा अन्य अतिथियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अपने संबोधन में मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा कि केवल पेड़ लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल करना और उन्हें बचाना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने पैगम्बर मुहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) का यह कथन उद्धृत किया: . 
“यदि कोई व्यक्ति एक पेड़ लगाता है या बीज बोता है और उससे कोई पक्षी, इंसान या जानवर लाभ उठाता है, तो यह उसके लिए सदका (पुण्य) माना जाता है।”
उन्होंने बताया कि ईदगाह में एक “कुरआनिक गार्डन” विकसित किया गया है, जिसमें कुरआन शरीफ में वर्णित पौधे और वृक्ष लगाए गए हैं, जैसे खजूर, तुलसी, अनार, जैतून और बेर के पेड़। इसका उद्देश्य समाज को इन पौधों के महत्व और उनके संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
मौलाना ने कहा कि इस्लाम हमें धरती और सभी जीवों की देखभाल करने की शिक्षा देता है। वृक्षारोपण एक नेक कार्य है, जिससे इंसानों, जानवरों और आने वाली पीढ़ियों को लाभ मिलता है।
उन्होंने कहा कि पौधे लगाना केवल पर्यावरण की सेवा नहीं, बल्कि इबादत और पुण्य का कार्य भी है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया।
सादर,
गुफ़रान अहमद
