एफआईआर में नाम आने के बाद खान सर ने दाखिल की अग्रिम जमानत याचिका

पटना, एजेंसी। चर्चित शिक्षक फैसल खान उर्फ ‘खान सर’ ने शनिवार को पटना की एक अदालत में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दाखिल की। उनका नाम हाल ही में उनके कोचिंग संस्थान में हुई तोड़फोड़ और हंगामे से जुड़े मामले में दर्ज एफआईआर में शामिल किया गया है।खान सर के वकील अरविंद कुमार माव्वर ने दावा किया कि उनके मुवक्किल को एक साजिश के तहत मामले में फंसाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों द्वारा खान सर की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
गौरतलब है कि बीते मंगलवार रात पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज इंस्टीट्यूट में 15 से 20 लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की थी। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। मामले में नया मोड़ तब आया जब सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कोचिंग संस्थान के दो सुरक्षाकर्मी गोली चलाते हुए दिखाई दिए।


इसके बाद पुलिस ने गुरुवार को दोनों गार्डों को हिरासत में ले लिया। आरोप है कि तोड़फोड़ के दौरान उन्होंने फायरिंग की थी।हालांकि, खान सर के वकील का कहना है कि गार्डों ने आत्मरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से हवा में गोलियां चलाई थीं। उन्होंने कहा कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।वकील ने कहा कि खान सर का इस पूरे प्रकरण से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है और उन्हें जानबूझकर मामले में शामिल किया गया है। उन्होंने अदालत से अग्रिम जमानत देने की मांग करते हुए कहा कि उनके मुवक्किल जांच में पूरा सहयोग करेंगे