भारत-वेनेजुएला संबंधों को मिलेगी नई मजबूती, जयशंकर ने कार्यवाहक राष्ट्रपति रोड्रिगेज से की मुलाकात


(सत्ता की शान)
गुरूवार 0 4 जून नई दिल्ली। भारत और वेनेजुएला के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में गुरुवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से मुलाकात कर दोनों देशों के बीच सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने पर चर्चा की।बैठक के दौरान जयशंकर ने भारत-वेनेजुएला साझेदारी को मजबूत करने के प्रति रोड्रिगेज की प्रतिबद्धता की सराहना की और उम्मीद जताई कि उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली वार्ता से द्विपक्षीय सहयोग को और गति मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी और रोड्रिगेज के बीच होने वाली बैठक में ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश, फार्मास्यूटिकल्स, स्वास्थ्य सेवा, परिवहन तथा नवीकरणीय ऊर्जा समेत कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत ऊर्जा और निवेश के क्षेत्र में वेनेजुएला का महत्वपूर्ण साझेदार रहा है। भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों ने वेनेजुएला के ऊर्जा क्षेत्र में उल्लेखनीय निवेश किया है और भविष्य में अपनी भागीदारी बढ़ाने की संभावनाएं तलाश रहे हैं। दोनों देशों के बीच ऊर्जा, व्यापार और वैश्विक दक्षिण के मुद्दों पर लंबे समय से घनिष्ठ एवं मैत्रीपूर्ण संबंध बने हुए हैं।पांच दिवसीय भारत दौरे पर बुधवार को नई दिल्ली पहुंचीं कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज का विदेश मंत्रालय ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को और गहरा करने तथा द्विपक्षीय साझेदारी को नई दिशा देने में अहम साबित होगी।