सआदतगंज के वजीर बाग में अवैध प्लाटिंग का आरोप, न्यायालयी विवाद के बीच नर्सरी उजाड़े जाने से उठे सवाल

सआदतगंज के वजीर बाग में अवैध प्लाटिंग का आरोप, न्यायालयी विवाद के बीच नर्सरी उजाड़े जाने से उठे सवाल

( प्रेस नोट )
,लखनऊ,04 जून गुरूवार। लखनऊ। राजधानी के ऐतिहासिक वजीर बाग क्षेत्र में कथित अवैध प्लाटिंग और पेड़ों की कटाई को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि न्यायालय में मामला विचाराधीन होने के बावजूद नर्सरी की जमीन पर पेड़ों को काटकर अवैध रूप से प्लाट विकसित किए जा रहे हैं और निर्माण कार्य जारी है। क्षेत्रवासियों के अनुसार, हरियाली से भरपूर इलाके में बड़े पैमाने पर पेड़ों को नुकसान पहुंचाया गया है, जिससे पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

आरोप है कि विवादित भूमि पर नियमों को दरकिनार कर भूखंडों की बिक्री की जा रही है, जबकि मामला अभी न्यायिक प्रक्रिया में है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि संबंधित विभागों की अनदेखी के कारण कथित अवैध गतिविधियां खुलेआम संचालित हो रही हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो वजीर बाग की ऐतिहासिक और पर्यावरणीय पहचान को गंभीर क्षति पहुंच सकती है। क्षेत्र के नागरिकों ने शासन और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा अवैध निर्माण और प्लाटिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। साथ ही कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित भूमि की की गई रजिस्ट्रियों की वैधता की जांच होनी चाहिए। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और न ही संबंधित विभागों की ओर से कोई औपचारिक बयान जारी किया गया है। ऐसे में अब सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई और जांच के नतीजों पर टिकी है।