समाधान दिवस में फरियादी महिला बेहोश, डीएम ने तत्काल पहुंचाया अस्पताल

समाधान दिवस में फरियादी महिला बेहोश, डीएम ने तत्काल पहुंचाया अस्पताल
लखनऊ। सरोजनी नगर तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक फरियादी महिला अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। अनौरा गांव निवासी प्रिया यादव जमीन विवाद की शिकायत लेकर जिलाधिकारी के समक्ष पहुंची थीं। अपनी समस्या बताने के बाद जैसे ही वह पीछे हटकर खड़ी हुईं, तभी उन्हें चक्कर आ गया और वह वहीं अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
महिला के गिरते ही जिलाधिकारी समेत मौजूद सभी अधिकारी तत्काल अपनी कुर्सियों से उठकर उनके पास पहुंचे। अधिकारियों ने तुरंत महिला को उठाकर कुर्सी पर बैठाया और सरकारी वाहन से सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनका उपचार किया गया।
प्रिया यादव ने बताया कि उनके जेठ इन्द्रजीत पैतृक जमीन को बेचने के साथ उस पर निर्माण कार्य करा रहे हैं। आरोप है कि उन्हें जो हिस्सा दिया जा रहा है, वह वन विभाग की भूमि है। जब भी वह उस जमीन पर कोई कार्य करने जाती हैं, वन विभाग के कर्मचारी उन्हें रोक देते हैं।
महिला ने बताया कि इस मामले में उन्होंने करीब छह माह पहले सरोजनी नगर एसडीएम न्यायालय में वाद दायर किया था, लेकिन अब तक उन्हें स्थगन आदेश नहीं मिल सका है। इसी से परेशान होकर वह समाधान दिवस में जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाने पहुंची थीं।