मोबाइल पर अचानक बजा सायरन, देशभर में NDMA ने परखा इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम
नई दिल्ली। शनिवार सुबह देशभर के लोगों के मोबाइल फोन पर अचानक तेज सायरन बज उठा। इसके साथ ही हिंदी, अंग्रेजी और विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में एक चेतावनी संदेश भी दिखाई दिया। सायरन बंद होने के बाद यही संदेश मोबाइल पर पढ़कर भी सुनाया गया। अचानक आए इस अलर्ट से कई लोग घबरा गए, जबकि कुछ देर के लिए भ्रम की स्थिति भी बन गई।
हालांकि, संदेश में साफ तौर पर बताया गया था कि यह केवल एक परीक्षण है और लोगों को घबराने या किसी प्रकार की कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं है। यह परीक्षण National Disaster Management Authority (एनडीएमए) द्वारा देशभर में संचालित इमरजेंसी मोबाइल अलर्ट सिस्टम की जांच के तहत किया गया।
शनिवार सुबह करीब 11:45 बजे सभी राज्यों की राजधानियों और दिल्ली-एनसीआर में मोबाइल फोन पर यह सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट भेजा गया। इसका उद्देश्य आपदा या किसी अन्य आपात स्थिति में लोगों तक त्वरित और प्रभावी ढंग से सूचना पहुंचाने की व्यवस्था को परखना था।
इस अत्याधुनिक अलर्ट सिस्टम ‘सचेत’ को Centre for Development of Telematics (सी-डॉट) ने विकसित किया है। यह कॉमन अलर्टिंग प्रोटोकॉल (CAP) पर आधारित है और देश के सभी 36 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में सक्रिय कर दिया गया है।
सरकार ने परीक्षण से पहले ही लोगों को संदेश भेजकर सूचित किया था कि यह केवल सिस्टम की जांच का हिस्सा है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में प्राकृतिक आपदा, सुरक्षा संकट या अन्य आपात परिस्थितियों में यह प्रणाली नागरिकों को रियल टाइम अलर्ट देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मोबाइल पर अचानक बजा सायरन, देशभर में NDMA ने परखा इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम
