लखनऊ: 75 लाख की लूट का खुलासा, ड्राइवर ने रची थी पूरी साजिश
लखनऊ। राजधानी के विभूतिखण्ड थाना क्षेत्र में हुई 75 लाख रुपये की लूट की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस हाई-प्रोफाइल वारदात का मास्टरमाइंड एक होटल का ड्राइवर निकला, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश को अंजाम दिया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 45 लाख रुपये नकद के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो बरामद की है।
घटना 5 अप्रैल की है, जब गुजरात निवासी निकुल सिंह जडेजा से स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने कैश से भरा बैग लूट लिया था। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और बदमाशों के भागने के रास्ते का पूरा रूट मैप तैयार किया। इसी आधार पर 10 अप्रैल को कठौता झील के पास से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आया कि होटल में ड्राइवर के तौर पर काम करने वाला राहुल यादव लंबे समय से कैश कलेक्शन का काम करता था। बड़ी रकम को देखकर उसने लूट की योजना बनाई और अपने चचेरे भाई आकाश यादव को इसमें शामिल किया। इसके बाद गिरोह में सलमान, राजकुमार, सुमित और विशाल को जोड़ा गया।
योजना के तहत जैसे ही कैश लेकर पीड़ित होटल से निकला, राहुल ने अपने साथियों को सूचना दे दी। मौके का फायदा उठाकर बदमाशों ने पीड़ित को धक्का दिया और बैग छीनकर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ पर पहले से ही लूट, मारपीट और धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
लखनऊ: 75 लाख की लूट का खुलासा, ड्राइवर ने रची थी पूरी साजिश
