(सत्ता की शान)
लखनऊ,22 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई ने इसके लिए प्रचार वाहनों को मोर्चे पर लगा दिया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अन्य दिग्गजों के साथ शनिवार के भाजपा के प्रदेश मुख्यालय से प्रचार वाहनों को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने अपनी सरकार के काम का ब्यौरा भी पेश किया।उत्तर प्रदेश की सत्ता बरकरार रखने के प्रयास में लगी भारतीय जनता पार्टी विधानसभा चुनाव 2022 के पहले चरण के मतदान से पहले हर व्यक्ति तक अपने काम को पहुंचा देना चाहती है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रदेश भर के लिए यहां से प्रचार वाहनों को रवाना किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मौके पर कहा कि हमको इन प्रचार वाहनों का काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमने पांच वर्ष में प्रदेश में विकास का काफी काम करने के साथ प्रदेश की कानून-व्यवस्था को पटरी पर ला दिया है। 2017 से पहले प्रदेश से पलायन होता था, जबकि 2017 के बाद से प्रदेश प्रगति के पथ पर है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने जो कहा था, वह करके दिखाया है। 2017 के पहले प्रदेश में व्यापारी और अन्य लोग पलायन करते थे, लेकिन 2017 के बाद अपराधी पलायन कर रहे हैं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस मौके पर भी पलायन का ही मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में कोई किसी का पलायन नहीं कर सकता। पलायन कराने वालों को पलायन करना होगा। जनता इसे समझ रही है, इसलिए फिर भाजपा सरकार ही बनने जा रही है। प्रदेश प्रगति की एक नई प्रतिमान स्थापित करते हुए आज देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था के रूप में प्रदेश के लोगों के जीवन में खुशहाली लाने के दृश्य में आगे बढ़ रही है।
योगी के भाजपा प्रचार वाहन रवाना हुए
