यूपी में वापसी की उम्मीद कर रही भाजपा को तो अब प्रत्याशी भी नहीं मिलेंगे: अखिलेश

यूपी में वापसी की उम्मीद कर रही भाजपा को तो अब प्रत्याशी भी नहीं मिलेंगे: अखिलेश
(सत्ता की शान)
लखनऊ,30 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर लखनऊ शनिवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में सात विधायकों को समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाने के बाद अखिलेश यादव के निशाने पर सिर्फ भारतीय जनता पार्टी के साथ कांग्रेस थी। अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने 403 उम्मीदवार भी घोषित कर दे तो भी जनाक्रोश के डर से उनके पास प्रत्याशियों की किल्लत रहेगी। उत्तर प्रदेश में वापसी की उम्मीद कर रही भारतीय जनता पार्टी को तो अब प्रत्याशी भी नहीं मिलेंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा तो प्रदेश में चुनाव हारती दिख रही है।

 

अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि दीवाली पर मुख्यमंत्री अपने आवास की अच्छे से सफाई करा दें, ताकि धुएं के दाग मिट जाएं। और कुछ भी पड़ा न मिल जाए, क्योंकि नई सरकार आ रही है। साथ ही एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा ज्यादा दिन सत्ता में रुकी तो सरकार को भी आउटसोर्स कर देगी। अब तो जनता भी भाजपा से त्रस्त होकर इनको एक-एक वोट के लिए तरसा देगी। अखिलेश यादव ने गृह मंत्री अमित शाह के 90 फीसद लोक कल्याण संकल्प पत्र के वादे पूरे होने दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि पन्ना प्रमुख बनाने वाली भाजपा संकल्प पत्र के पन्ने पलटकर देख ले। एक भी वादा पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी दावा दोहराया कि भाजपा के कई विधायक उनके संपर्क में हैं और समाजवादी पार्टी में शामिल होना चाहते हैं। उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी भाजपा एक दूसरे के ऊपर लगातार तंज कस रहे है, अब देखना यह है कि 2022 में जनता किसको मुख्यमंत्री बनाती है।