लखनऊ में पीएम मोदी करेंगे 52 आईटीआई मेधावियों का सम्मान
कौशल दीक्षांत समारोह में देशभर के टॉप प्रशिक्षार्थियों को मिलेगा सम्मान, यूपी के छह युवाओं ने भी हासिल की उपलब्धि
लखनऊ। तकनीकी शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए राजधानी में शनिवार को पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह-2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समारोह में अखिल भारतीय व्यवसाय परीक्षा (एआईटीटी)-2026 में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 52 आईटीआई प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होगा।
सम्मान पाने वालों में शिल्पकार प्रशिक्षण योजना के 37 प्रशिक्षार्थी शामिल हैं, जिनमें 18 पुरुष और 19 महिलाएं हैं। वहीं शिल्प अनुदेशक प्रशिक्षण योजना के 15 प्रशिक्षार्थियों में सात पुरुष और आठ महिलाएं शामिल हैं। इन सभी ने अपनी ट्रेड में देशभर में पहला स्थान हासिल कर प्रशिक्षण के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित की है।
यूपी के छह प्रशिक्षार्थियों को मिलेगा सम्मान
उत्तर प्रदेश प्रशिक्षण निदेशालय के अनुसार प्रदेश के छह प्रशिक्षार्थियों को इस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इनमें लखनऊ के राजकीय आईटीओटी अलीगंज में इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक ट्रेड के प्रशिक्षार्थी शाहबाज खान और नोएडा स्थित एनएसटीआई महिला की सूचना प्रौद्योगिकी प्रशिक्षार्थी संध्या देवी भी शामिल हैं। दोनों को प्रधानमंत्री के हाथों मंच पर प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले 10 चयनित मेधावियों में शामिल किया गया है।
इस सूची में दिव्यांग प्रशिक्षार्थियों के साथ उन तकनीकी ट्रेड में प्रशिक्षण लेने वाली महिलाएं भी शामिल हैं, जहां महिला भागीदारी सामान्य तौर पर कम रहती है। आयोजन में तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, ओडिशा और केरल सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिभाशाली प्रशिक्षार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
रोजगार और तकनीकी कौशल पर रहेगा फोकस
करीब 5500 लोगों की क्षमता वाले जर्मन हैंगर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के दौरान आईटीआई प्रशिक्षार्थियों की कामयाबी पर आधारित वीडियो भी दिखाया जाएगा। ड्रोन, रोबोटिक्स और पेंट्स उद्योग में कार्यरत आईटीआई के पूर्व प्रशिक्षार्थियों को भी कार्यक्रम में बुलाया गया है, जिससे युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल सके।
समारोह में सैमसंग, यामाहा, एलजी, लावा और अशोक लीलैंड जैसी प्रमुख कंपनियां अपने स्टॉल लगाएंगी। टाटा आईटीआई लैब्स भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी। इन कंपनियों के जरिए आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर मिलते हैं। समारोह का उद्देश्य हुनरमंद युवाओं की उपलब्धियों को पहचान देने के साथ तकनीकी प्रशिक्षण को रोजगार से जोड़ने और युवाओं में कौशल विकास के प्रति रुचि बढ़ाना है।
