गाजा में फिर युद्ध जैसे हालात, टैंकों के साथ घुसी इजरायली सेना-हमास के ठिकानों को निशाना बनाने का दावा

गाजा में फिर युद्ध जैसे हालात, टैंकों के साथ घुसी इजरायली सेना

मध्य गाजा में जमीनी कार्रवाई तेज, नुसीरत-अल बुरेज के आसपास लोगों को घर छोड़ने की चेतावनी

गाजा। गाजा में युद्धविराम के बाद एक बार फिर सैन्य तनाव बढ़ने लगा है। इजरायली सेना ने मध्य गाजा में टैंक और बख्तरबंद वाहनों के साथ जमीनी अभियान शुरू कर दिया है। तोपों की गर्जना, हवाई हमलों और लगातार गोलीबारी के बीच क्षेत्र में भय का माहौल है। अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से हजारों लोगों के सामने सुरक्षित ठिकाने की तलाश का संकट खड़ा हो गया है।गाजा के सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, नुसीरत शरणार्थी शिविर के उत्तरी हिस्से में इजरायली तोपों से भारी गोलाबारी की गई। दोपहर से हवाई हमले और गोलीबारी जारी रही। इसी दौरान मध्य गाजा के विभिन्न इलाकों में इजरायली सेना के टैंक और बख्तरबंद वाहन आगे बढ़ते दिखाई दिए।

हमास के ठिकानों को निशाना बनाने का दावा

इजरायली सेना ने कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि गाजा में येलो लाइन के पश्चिमी हिस्से में सैन्य ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सेना के मुताबिक, इस इलाके में हमास का बुनियादी ढांचा मौजूद है और इजरायली सैनिकों को संभावित खतरे से बचाने के लिए अभियान शुरू किया गया है। इस कार्रवाई में सेना के अलावा इजरायली सुरक्षा एजेंसी के जवान भी शामिल हैं।

येलो लाइन अक्टूबर 2025 में युद्धविराम लागू होने के बाद निर्धारित की गई थी, जो इजरायली और हमास के नियंत्रण वाले क्षेत्रों को अलग करती है। इजरायली सेना का दावा है कि गाजा के 60 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र पर उसका नियंत्रण है।

सड़क बंद, लोगों को पलायन का निर्देश

ऑपरेशन के बीच अल-बुरेज और नुसीरत शरणार्थी शिविरों के आसपास रहने वाले नागरिकों को तत्काल क्षेत्र छोड़ने की चेतावनी जारी की गई है। सलाह अल-दीन रोड को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय सहायता संगठनों को भी प्रभावित इलाकों में आवाजाही नहीं करने की हिदायत दी गई है।

नए सैन्य अभियान ने युद्धविराम की स्थिरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गाजा के नागरिकों के लिए एक बार फिर विस्थापन, असुरक्षा और बुनियादी जरूरतों का संकट गहराने की आशंका है।