क्रिकेट के सपने को पंख देंगे योगी, गोंडा के छात्र को कोचिंग दिलाने का भरोसा
जनता दर्शन में आर्थिक परेशानी बताने पहुंचा कक्षा-8 का प्रिंस, मुख्यमंत्री ने पढ़ाई के साथ खेल जारी रखने को कहा
लखनऊ। प्रतिभा को आर्थिक मजबूरियों से पीछे नहीं हटने देने का भरोसा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन में दिलाया। गोंडा से पहुंचे कक्षा आठ के छात्र प्रिंस साहू ने क्रिकेट में करियर बनाने की इच्छा जताते हुए मुख्यमंत्री से मदद मांगी। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह न तो क्रिकेट कोचिंग ले पा रहा है और न ही जरूरी खेल सामग्री खरीद पा रहा है। छात्र की परेशानी सुनकर मुख्यमंत्री ने उसकी कोचिंग और दाखिले की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।
गोंडा के इटियाथोक क्षेत्र के पड़री पारासराय गांव निवासी प्रिंस बचपन से क्रिकेट खेलना पसंद करता है। क्रिकेट को ही भविष्य बनाने की इच्छा रखने वाले छात्र ने जनता दर्शन में अपनी समस्या रखी। मुख्यमंत्री ने उससे करीब पांच मिनट बातचीत कर पढ़ाई और खेल के बीच संतुलन बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अभी आठवीं कक्षा में हो, इसलिए पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान दो और अच्छे अंक हासिल करो। आगे क्रिकेट प्रशिक्षण की व्यवस्था सरकार कराएगी।
मुख्यमंत्री ने छात्र को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि नाम प्रिंस है तो खूब पढ़-लिखकर प्रिंस बनो। खेल में आगे बढ़ो, लेकिन शिक्षा को कभी नजरअंदाज मत करना। उनके आश्वासन से क्रिकेट में भविष्य तलाश रहे छात्र को मदद की उम्मीद मिली।
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने दूसरे लोगों की शिकायतें भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तय समय में समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर कार्रवाई करते समय निष्पक्षता और संवेदनशीलता का ध्यान रखा जाए।
इसके अलावा इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोगों को भी मुख्यमंत्री ने राहत का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के चलते किसी जरूरतमंद का उपचार नहीं रुकना चाहिए। अस्पताल से इलाज का खर्च संबंधी अनुमान मिलते ही सरकार की ओर से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
