रोड शो में किशोर की मौत पर सपा घिरी, योगी ने कहा- दोषियों को नहीं मिलेगी राहत
गोरखपुर में 13 वर्षीय छात्र की जेसीबी से कुचलकर मौत, मुख्यमंत्री ने जताया आक्रोश; परिवार ने कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर किया प्रदर्शन
गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान एक किशोर की दर्दनाक मौत ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर निशाना साधते हुए घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और पीड़ित परिवार से मुलाकात करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों को चिह्नित कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जन चौपाल में मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि आखिर एक मासूम की क्या गलती थी, जिसे राजनीतिक आयोजन के दौरान अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की राजनीति में अराजक तत्वों को बढ़ावा मिलता रहा है। योगी ने कहा कि प्रदेश में सड़कें जनता की सुविधा के लिए बनाई गई हैं, न कि राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन और गुंडागर्दी के लिए। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
जेसीबी की चपेट में आया छात्र
पुलिस के अनुसार, अखिलेश यादव की पीडीए यात्रा के दौरान 13 वर्षीय आर्यवर्धन जेसीबी की चपेट में आ गया। बताया गया कि वह बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे अपनी बहन को लेने जा रहा था, तभी हादसा हुआ। गंभीर रूप से घायल किशोर को एम्स गोरखपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आर्यवर्धन केंद्रीय विद्यालय, नंद नगर में कक्षा 10 का छात्र था। उसके पिता ओंकार सिंह भाजपा नेता बताए गए हैं।
घटना से नाराज परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने झारखंडी क्रॉसिंग पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने जेसीबी चालक और रोड शो के आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। इसके अलावा हादसे वाले क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग भी की गई। विरोध के चलते सड़क पर करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।
सूचना पर जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कौस्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटिल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद रात करीब आठ बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ।
रवि किशन ने उठाए राजनीतिक संवेदनशीलता पर सवाल
गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने किशोर की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि राजनीति में जीत और पद से ज्यादा महत्वपूर्ण इंसान की जिंदगी है। उन्होंने ऐसी राजनीतिक गतिविधियों पर सवाल उठाए, जिनमें लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है। पुलिस फिलहाल जेसीबी चालक और रोड शो के आयोजकों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

