शिया पी.जी. कॉलेज, लखनऊ में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर अखिल भारतीय राज्य स्तरीय शिखर सम्मेलन का भव्य आयोजन

प्रेस विज्ञप्ति

शिया पी.जी. कॉलेज, लखनऊ में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर अखिल भारतीय राज्य स्तरीय शिखर सम्मेलन का भव्य आयोजन

लखनऊ, 16 नवम्बर 2026। शिया पी.जी. कॉलेज, लखनऊ के विधि संकाय द्वारा ‘One Nation, One Election – एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर अखिल भारतीय राज्य स्तरीय शिखर सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता, बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष श्री प्रशांत सिंह अटल उपस्थित रहे। सम्मेलन में विभिन्न स्थानों से आए प्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों ने विषय के विभिन्न संवैधानिक, विधिक, राजनीतिक एवं लोकतांत्रिक पहलुओं पर अपने विचार एवं शोधपरक प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम का शुभारम्भ तिलावते कुरआन-ए-पाक से हुआ। इसके उपरान्त अतिथियों का सम्मान स्मृति चिह्न एवं शॉल भेंट कर किया गया।

कार्यक्रम के प्रारम्भ में विधि संकाय के निदेशक प्रो. (डॉ.) एस. एम. हसनैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ केवल चुनाव कराने की प्रक्रिया में परिवर्तन का विषय नहीं है, बल्कि यह भारतीय लोकतंत्र की कार्यक्षमता, संवैधानिक संतुलन, संघीय ढांचे और सुशासन से जुड़ा एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय विमर्श है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवा विधि शोधार्थियों से आह्वान किया कि वे इस विषय का अध्ययन केवल राजनीतिक दृष्टिकोण से न करके संवैधानिक प्रावधानों, विधिक चुनौतियों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के व्यापक परिप्रेक्ष्य में करें। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक आयोजन विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, शोध क्षमता और राष्ट्रीय मुद्दों पर स्वस्थ संवाद की भावना विकसित करते हैं।

प्रो. (डॉ.) एम. एम. अबू तय्यब ने स्वागत संबोधन में सभी अतिथियों, प्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि शिया पी.जी. कॉलेज सदैव उच्च स्तरीय शैक्षणिक एवं बौद्धिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विमर्श से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध रहा है।

श्री एस. अब्बास मुर्तजा शम्सी, प्रबंधक, प्रबंध समिति, शिया पी.जी. कॉलेज ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध नागरिक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ जैसे महत्वपूर्ण विषय पर राष्ट्रीय स्तर का संवाद आयोजित करना समय की आवश्यकता है। ऐसे सम्मेलन विद्यार्थियों को अपने विचार प्रस्तुत करने, विशेषज्ञों से सीखने तथा देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने इस आयोजन को विधि शिक्षा एवं राष्ट्रीय जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

सम्मेलन के मुख्य अतिथि श्री प्रशांत सिंह अटल, वरिष्ठ अधिवक्ता, सदस्य एवं बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष, ने अपने उद्घाटन संबोधन में विषय की संवैधानिक एवं व्यावहारिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत जैसे विशाल और विविधतापूर्ण लोकतांत्रिक देश में चुनावी व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए गंभीर विचार-विमर्श आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्रीय मुद्दे पर अपनी राय बनाने से पहले उसके सभी पक्षों, संवैधानिक प्रावधानों और संभावित परिणामों का निष्पक्ष अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से युवा विधि विद्यार्थियों को संविधान के प्रति अपनी समझ विकसित करने, तार्किक ढंग से विचार व्यक्त करने तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उनके विचारोत्तेजक संबोधन ने सम्मेलन को विशेष दिशा एवं गरिमा प्रदान की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मौलाना यासूब अब्बास ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवैधानिक संस्थाओं, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने ऐसे शैक्षणिक आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।

सम्मेलन में विभिन्न प्रतिनिधियों ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के समर्थन एवं उसके विरोध से जुड़ी चुनौतियों सहित अनेक महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपने शोधपत्र एवं प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम के अंत में शिया पी.जी. कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) एस. शबीहे रज़ा बाक़री ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मुख्य अतिथि श्री प्रशांत सिंह अटल, सभी विशिष्ट अतिथियों, प्रबंध समिति, आयोजकों, प्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मेलन उच्च शिक्षा संस्थानों को राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर विचार-विमर्श का सशक्त मंच प्रदान करते हैं और विद्यार्थियों में अकादमिक एवं संवैधानिक चेतना का विकास करते हैं।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।