पीएम मोदी ने फिलीपींस के ऐतिहासिक गुरुद्वारे में रखी पुनर्निर्माण की नींव
आसियान सम्मेलन में भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों की साझेदारी को बताया विकास का आधार, क्वाड बैठक में भी लेंगे हिस्सा
मनीला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में स्थित ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे में मत्था टेका और उसके पुनर्निर्माण की आधारशिला रखी। वर्ष 1901 में स्थापित यह फिलीपींस का सबसे पुराना गुरुद्वारा माना जाता है।इससे पहले प्रधानमंत्री ने आसियान-भारत सम्मेलन में भाग लेकर क्षेत्रीय सहयोग और आर्थिक साझेदारी पर भारत का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में दुनिया को शांति, स्थिरता और उज्ज्वल भविष्य की सबसे अधिक जरूरत है। पिछले कुछ वर्षों में कई संकटों ने अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के सामने नई चुनौतियां खड़ी की हैं।
मोदी ने भारत और आसियान देशों के रिश्तों को साझा विकास की मजबूत कड़ी बताते हुए कहा कि भारत की आर्थिक प्रगति से आसियान देशों को लाभ मिलेगा, जबकि इन देशों की समृद्धि भारत के विकास को आगे बढ़ाने में मददगार होगी। उन्होंने विकसित भारत-2047 और आसियान के 2045 विजन को साझा लक्ष्यों की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
प्रधानमंत्री के मुताबिक, 2014 से अब तक भारत ने लोगों के आपसी संपर्क को मजबूत करने के लिए 100 से अधिक पहल की हैं। इसके साथ करीब 250 क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट शुरू किए गए और कौशल विकास के लिए 10 हजार से ज्यादा छात्रवृत्तियां दी गईं।
क्वाड बैठक पर रहेंगी निगाहें
मंगलवार शाम मनीला में प्रस्तावित क्वाड देशों के नेताओं की बैठक में भी प्रधानमंत्री मोदी शामिल होंगे। इसमें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के शामिल होने का कार्यक्रम है।
