नियुक्ति की मांग को लेकर फिर सड़क पर उतरे शिक्षक अभ्यर्थी, डिप्टी सीएम आवास घेरने पहुंचे
पुलिस ने रोका तो सड़क पर लेटकर किया विरोध,
लखनऊ। 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण की विसंगतियों को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को बड़ी संख्या में आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के आवास का घेराव करने पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने आगे बढ़ने से रोका तो उन्होंने सड़क पर लेटकर विरोध जताना शुरू कर दिया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने ‘केशव चाचा बाहर आओ’ के नारे भी लगाए। पुलिस ने उन्हें वहां से हटाकर बसों के जरिए दोबारा इको गार्डन भेज दिया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्ष 2018 में हुई 68500 सहायक अध्यापक भर्ती में आरक्षण के नियमों का सही तरीके से पालन नहीं हुआ। करीब 6800 ओबीसी अभ्यर्थी इसी मुद्दे को लेकर लंबे समय से न्याय और नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। उनका धरना इको गार्डन में लगातार जारी है। आंदोलनकारियों के मुताबिक, करीब 79 दिनों से प्रदर्शन के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पांच प्रतिशत छूट नहीं देने का आरोप
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में ओबीसी वर्ग को मिलने वाली पांच प्रतिशत की छूट का लाभ नहीं दिया गया। इसी वजह से चयन प्रक्रिया में आरक्षण संबंधी विसंगतियां पैदा हुईं। अभ्यर्थियों ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश को लागू कराने की मांग भी उठाई।
मुख्यमंत्री से वार्ता कराने की मांग
अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात और सीधे बातचीत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकार हस्तक्षेप कर भर्ती से जुड़ी विसंगतियों का निस्तारण करे, ताकि पात्र अभ्यर्थियों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो सके। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

