वजीरगंज पुलिस ने पुराने हाईकोर्ट की पार्किंग से बाइक चोरी करने वाले दो युवकों को किया गिरफ्तार
चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद, दूसरी के सभी पार्ट्स मिले
लखनऊ। वजीरगंज पुलिस ने पुराने हाईकोर्ट परिसर की पार्किंग से दोपहिया वाहन चोरी करने और चोरी की बाइक खरीदकर उसके पार्ट्स बेचने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, दूसरी बाइक के खोले गए सभी पार्ट्स और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, अधिवक्ता अखिलेन्द्र कुमार द्विवेदी ने 26 अक्टूबर को पुराने हाईकोर्ट के गेट नंबर-7 स्थित पार्किंग से अपनी मोटरसाइकिल (नंबर UP 71 S 4589) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी पार्किंग से अधिवक्ता आशीष राजपूत की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (नंबर UP 32 CR 4980) चोरी होने का मामला भी दर्ज था।
मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने 27 अक्टूबर को गांधी भवन के सामने से सूफियान खान को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने दूसरी बाइक चोरी कर नरपतखेड़ा क्षेत्र के करन यादव कॉम्प्लेक्स स्थित दुकान संचालक अंकित कुमार को 3,200 रुपये में बेचने की बात बताई।
पुलिस ने सूफियान की निशानदेही पर अंकित कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, अंकित ने मोटरसाइकिल को खोलकर उसके अलग-अलग पार्ट्स कर दिए थे, ताकि उन्हें बेचकर मुनाफा कमाया जा सके। पुलिस ने वीडियोग्राफी कराते हुए बाइक के सभी पार्ट्स बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूफियान खान (19), निवासी अयोध्या, और अंकित कुमार (24), निवासी काकोरी, लखनऊ के रूप में हुई है। दोनों मामलों में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह सहित वजीरगंज थाने की टीम ने कार्रवाई की।
