राजनाथ सिंह और पीट हेगसेथ की मुलाकात-भारत-अमेरिका रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर

भारत-अमेरिका रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर

राजनाथ सिंह और पीट हेगसेथ की मुलाकात, 10 वर्षीय रक्षा ढांचे की प्रगति की समीक्षा

सेबू (फिलीपींस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फिलीपींस के सेबू में 13वीं आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक (एडीएमएम-प्लस) से इतर अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका के बीच 10 वर्षीय रक्षा रूपरेखा की प्रगति की समीक्षा की और द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।

राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर मुलाकात को शानदार बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच रक्षा साझेदारी सैन्य प्रौद्योगिकी, सूचनाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त उत्पादन जैसे क्षेत्रों में रणनीतिक तालमेल को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका की मजबूत साझेदारी स्वतंत्र, खुले और सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण आधार बनी हुई है।

रक्षा सहयोग बढ़ाने पर चर्चा

अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने भी मुलाकात को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने प्रमुख रक्षा साझेदारी की रूपरेखा के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया। दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों को रणनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

भारत और अमेरिका ने अक्टूबर 2025 में 10 वर्षीय रक्षा रूपरेखा पर हस्ताक्षर किए थे। इसका उद्देश्य रक्षा सहयोग को व्यापक बनाना तथा सैन्य तकनीक, रक्षा सूचनाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त उत्पादन के क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाना है।